चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पांच अगस्त को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र की तारीख तय हो सकती है। राज्य में चूंकि अक्टूबर में विधानसभा चुनाव है और सभी राजनीतिक दल फील्ड में अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं, इसलिए इस बार का मानसून सत्र काफी छोटा होने की संभावना है।
मानसून सत्र में विपक्षी दल कांग्रेस और जजपा सत्तारूढ़ भाजपा पर बहुमत साबित करने का दबाव बना सकते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक पांच अगस्त को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में सुबह 11 बजे से होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय इस बैठक की तैयारियों में पूरे जी-जान से जुटे हैं।
मंत्रिमंडल की मीटिंग का एजेंडा तैयार करने के लिए मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने बृहस्पतिवार को राज्य के सभी प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर उन्हें आवश्यक हिदायतें जारी कीं। मुख्य सचिव ने सभी उपायुक्तों व प्रशासनिक सचिवों से कहा है कि वे ऐसे प्रस्ताव बनाकर उनके कार्यालय में तुरंत भेजें, जिन्हें सरकार अपनी नई योजना के रूप में लागू कर सकती है।