नई दिल्ली। ओलंपिक में हॉकी को सपोर्ट करने के लिए पंजाब के सीएम भगवंत मान पेरिस जाना चाहते थे। हालांकि केंद्र सरकार उन्हें इसकी मंजूरी देने से इंकार कर दिया है। सीएम मान आज पेरिस के लिए उड़ान भरने वाले थे लेकिन केंद्र की तरफ से उन्हें इसकी मंजूरी नहीं दी गई।
सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा कारणों से अनुमति देने से मना किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय को शुक्रवार देर शाम यात्रा की अनुमति नहीं मिलने की सूचना मिली। सीएम मान को ओलंपिक में भाग लेने वाली हॉकी टीम के जोश को बढ़ाने के लिए पेरिस जाना था।
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 52 साल बाद ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हरा कर ऐतिहासिक जीत हासिल की। 1972 के बाद पहली बार ओलंपिक खेलों में भारत ने हॉकी ने ऑस्ट्रेलिया को हराया। इसके साथ ही भारतीय हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम से पदक की उम्मीद है। टोक्यो ओलंपिक में भारत ने 41 साल बाद हॉकी में कांस्य पदक जीता था।