चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने कहा कि राज्य सरकार ने मोहाली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बलिदानी भगत सिंह के नाम पर रखा और अब हवाई अड्डे को जाने वाली सड़क पर बलिदानी भगत सिंह की 35 फीट ऊंची प्रतिमा भी 28 सितंबर को स्थापित की जाएगी।
गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भारतीय वायुसेना स्टेशन हलवारा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहीद करतार सिंह सराभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा है।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों के अद्वितीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी आंदोलन के दौरान पंजाबियों ने सबसे अधिक बलिदान दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की खातिर शहादत प्राप्त करने वाले और पंजाब से निर्वासित होने वालों में 80 प्रतिशत से अधिक लोग पंजाब के थे।
उन्होंने कहा कि बाबा राम सिंह, बलिदानी भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, लाला लाजपत राय, शहीद उधम सिंह, करतार सिंह सराभा, दीवान सिंह काले पानी और अन्य महान नायकों ने आजादी प्राप्त करने के लिए अपने खून की एक-एक बूंद बहा दी।