चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (लोसपा) व आम आदमी पार्टी के कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर यह कार्यक्रम हुआ। भाजपा के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने लोसपा का गठन किया हुआ है। गुहला-चीका विधानसभा के गांव पटाक माजरा से गुरजीत सिंह के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा ज्वाइन की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नेताओं व लोगों को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कर उनका स्वागत किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा – भाजपा का परिवार निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के लोग भाजपा की रीति-नीति से आकर्षित होकर भाजपा में हर रोज शामिल हो रहे हैं। भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है। पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्र भावना को सर्वोपरि मानते, नि:स्वार्थ भावना से समाज सेवा का काम करते हैं। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वालों से तुरंत तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए जुट जाने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 10 वर्षों में देश और प्रदेश की तकदीर और तस्वीर को बदला है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव किए समान रूप से विकास कराया है। 10 वर्षों से भाजपा सरकार ने गरीब, युवा, महिला और अन्नदाताओं की उन्नति, समृद्धि के लिए संकल्पित होकर काम किया है। सैनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य हरियाणा को विकसित राज्य बनाना है, इसलिए तीसरी बार भाजपा सरकार बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर को विधानसभा चुनाव है, इसलिए सभी कार्यकर्ता दिन-रात हर हलके में कमल खिलाने के कार्य में जुट जाएं।