चंडीगढ़। पेरिस ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा का नाम विश्व स्तर पर चमकाने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से खेल नीति के मुताबिक पुरस्कार राशि जारी की गई है। ओलिंपिक में रजत पदक विजेता को चार करोड़ एवं कांस्य पदक विजेता को ढाई करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा ओलिंपिक में पार्टिसिपेट करने वाले सभी खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपए मिले हैं। मनु भाकर को हरियाणा सरकार ने पांच करोड़, नीरज चोपड़ा को चार करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को ढाई-ढाई करोड़ की धनराशि दी गई है।
हरियाणा के 17 खिलाड़ी ऐसे भी थे, जिन्हें कोई पदक नहीं मिला है। हालांकि, सरकार ने इन खिलाड़ियों को भी 15 लाख रुपये की सम्मान राशि दी है। इन खिलाड़ियों ने भी पेरिस ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया और पदक जीतने के लिए पूरा प्रयास किया। इस वजह से इन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया है।
हरियाणा सरकार ने ओलंपिक में भाग लेने वाले राज्य के कुल 25 खिलाड़ियों के खाते में पैसे ट्रांसफर किए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा पैसे शूटिंग में दो कांस्य पदक जीतने वाली खिलाड़ी मनु भाकर को दिए गए हैं। हरियाणा सरकार ने मनु भाकर के खाते में पांच करोड़ रुपये भेजे हैं। पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए एकमात्र रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा के खाते में चार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। नीरज ने पिछले ओलंपिक में स्वर्ण जीता था। हालांकि, इस बार उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा। अगले ओलंपिक में भी उनसे गोल्ड की उम्मीद होगी।
कुश्ती के फाइनल मुकाबले में 100 ग्राम ज्यादा वजन होने के कारण डिस्क्वालिफाई होने वाली पहलवान विनेश फोगाट को भी चार करोड़ रुपये दिए गए हैं। शूटिंग में कांस्य पदक जीतने वाले सरबजोत सिंह को 2.50 करोड़ रुपये दिए गए हैं। कांस्य पदक जीतने वाली हॉकी टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी अभिषेक नैन, सुमित कुमार और संजय सिंह को भी 2.50 करोड़ रुपए मिले हैं। पदक से चूकने वाले 17 प्रतिभागी खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपए सम्मान राशि दी गई।