लखनऊ। इन दिनों देशभर में गणेश चतुर्थी बड़े ही धूमधाम से मनाई जा रही है। इन सबके बीच देश के कई इलाकों से पत्थरबाजी और हंगामे की खबरें भी आ रही हैं। ऐसी ही घटना लखनऊ के चिनहट इलाके में हुई है। एक घर के अंदर गणेश जी की मूर्ति को स्थापित किया गया था।
बुधवार रात कुछ नाबालिग लड़के घर के बाहर आए और जोर जोर से धार्मिक नारे लगाने शुरू कर दिए। उसके बाद उन्ही में से कुछ लड़कों ने घर के अंदर पत्थर फेंके जो गणेश जी के कलश पर लगे, जिससे कलश खंडित हो गया।
आसामाजिक तत्वों द्वारा पूजा भंग करने की सूचना फैलते ही आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है, जिसको देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को गंगा विहार कॉलोनी में तैनात किया गया है। मौके पर स्थानीय पुलिस तथा आलाधिकारी भी पहुंचे।
घरवालों का कहना है कि घर के बगल अल्पसंख्यक वर्ग के लोग रहते है। इन्हीं घर के दो नाबालिग लड़के कल रात आरती के समय आए और इन्होने नारे लगाने के साथ-साथ पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हम लोगों ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों लड़कों को हिरासत में लिया है।