नई दिल्ली। स्कूली बच्चों के लिए ये खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं है। स्कूली बच्चों का भारी-भरकम बैग हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। बच्चों के अभिवावक उनके भारी बैग को लेकर हमेशा परेशान रहते हैं। बच्चों के बैग का बोझ कम हो, इसके लिए जरुरी कदम भी उठाये जाते हैं। लेकिन फिर भी कोई ठोस रास्ता नहीं निकल पता है। अब दिल्ली सरकार ने भी दिल्ली के स्कूलों में 10 ‘बैगलेस डे’ को लागू कर करने का आदेश दिया है।
दिल्ली सरकार ने इस ओर एक कदम उठाते हुए दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 10 बैगलेस डे (Bagless Day) लागू करने का फैसला किया है। मंगलवार को शिक्षा निदेशालय की ओर से एक सर्कुलर जारी करते हुए कहा गया कि दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 10 ‘बैगलेस डे’ लागू किया जाए। इस 10 ‘बैगलेस डे’ के मुताबिक स्कूली बच्चों को 10 दिन के लिए स्कूल बैग से निजात मिल जाएगी। यह नियम कक्षा 6वीं से 8वीं तक के बच्चों पर लागू होगा। साथ ही यह भी बताया गया है कि यह निर्देश नेशनल एजुकेशन पॉलिसी 2020 की सिफारिश के आधार पर दिए हैं।