हिसार। एचएयू में एग्री बिजनेस टूरिज्म सेंटर के उद्घाटन मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता के सपने पूरे नहीं किए, अपने सपने पूरे किए हैं। दिल्ली से वह जा रहे हैं, भाजपा की सरकार आ रही है। भारतीय जनता पार्टी को लोग स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नगर निकाय चुनावाें के लिए भी हम तैयार हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली में अपनी सरकार बनाएंगे। दस साल में अरविंद केजरीवाल ने केवल सपने दिखाने का काम किया है। उन्होंने जनता के सपनों को लेकर कोई काम नहीं किया।
हरियाणा में नगर निकायों के चुनाव पार्टी के सिंबल पर लड़ने को लेकर सीएम ने कहा कि भाजपा निकाय के चुनाव सिंबल पर ही लड़ती है। इसका अंतिम फैसला संगठन की ओर से ही लिया जाएगा। संगठन जो फैसला लेगा उसी के हिसाब से चुनाव में उतरेंगे। भाजपा कभी किसी चुनाव को छोटा नहीं मानती। हमारे लिए हर एक चुनाव बड़ा महत्वपूर्ण होता है। उसको पूरी तैयारी के साथ लड़ते हैं।