गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा में 45 वर्षीय व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कथित लापरवाही के आरोप में परसपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक के निर्देश पर तीनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी। एसपी के मुताबिक, परसपुर के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और सिपाही अभिमन्यु भारती को सस्पेंड किया गया है। वहीं, कोंडरे थाने के प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मंत्री संजय निषाद ने SP को लगाई फटकार
व्यापारी की हत्या के बाद सर्किट हाउस पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने पुलिस की कार्रवाई और मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने एसपी अभिषेक को फटकार लगाते हुए सवाल किया कि क्या पुलिस की कार्यशैली से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। मंत्री संजय निषाद ने इस मामले को लेकर गोंडा में धरना भी दिया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
तीसरा आरोपी आकाश सिंह भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी आकाश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस कुछ अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहे विनोद को चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 लोगों ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर विभिन्न हथियारों से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, इलाज के दौरान मौत
हमले में विनोद कुमार साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल व्यापारी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार को विनोद साहनी की मौत हो गई।
मौत से पहले तीन हमलावरों की पहचान
गोंडा पुलिस के मुताबिक, घायल अवस्था में विनोद साहनी ने तीन हमलावरों की पहचान की थी। उनकी शिकायत के आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विनोद की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ हमले की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिसकर्मियों के निलंबन और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।