न्यूयार्क। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका दौरे पर हैं। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप की शासन में वापसी के बाद ये किसी विदेशी नेता की पहली यात्रा है। मंगलवार को नेतन्याहू वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति से मिले। इस बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा एलान किया। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका गाजा पट्टी पर कब्जा करेगा और हम इसके साथ काम भी करेंगे। हम इसे अपना बना लेंगे।”
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि गाजा पट्टी पर अमेरिका का कब्जा होने की बात ‘लॉन्ग टर्म ओनरशिप पोजिशन’ है। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से पूरे मिडिल ईस्ट के इलाके में बड़े पैमाने पर स्थिरता आएगी। ट्रंप ने कहा कि हम गाजा पट्टी पर अपना कब्जा करेंगे और वहां जितने भी खतरनाक बम और हथियार हैं, उन्हें खत्म करने की जिम्मेदारी भी हमारी होगी। ट्रंप ने कहा, ‘उस जगह को समतल किया जाए और जो बिल्डिंग ध्वस्त हो चुकी हैं, उन्हें भी समतल किया जाए, वहां आर्थिक विकास हो जिससे उस इलाके में लोगों को नौकरियां और घर भी मिलें। वहां कुछ अलग किया जाना चाहिए।’
इससे पहले इजरायली पीएम ने अपनी अमेरिकी यात्रा को लेकर कहा- मुझे लगता है कि ये इजरायल-अमेरिकी गठबंधन की मजबूती का प्रमाण है। ये हमारी व्यक्तिगत मित्रता की मजबूती का भी प्रमाण है। मुलाकात के दौरान भी डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू ने विस्तार से गाजा पट्टी और हमास को लेकर चर्चा की।