जकार्ता: इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर जा रहा एक यात्री जहाज जावा सागर में अचानक संपर्क से बाहर हो गया। जहाज बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन प्रांत की ओर जा रहा था। जहाज से संपर्क टूटने की जानकारी सामने आने के बाद इंडोनेशियाई बचाव एजेंसियों ने उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, ‘वर्को ट्रांसपोर्ट 8’ नाम का यह जहाज पूर्वी जावा प्रांत के सुरबाया से दक्षिण कालीमंतन की राजधानी बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान जहाज का कम्युनिकेशन सिस्टम खराब हो गया, जिसके बाद उससे संपर्क स्थापित नहीं हो सका।
जावा सागर में मिली आखिरी लोकेशन
बंजारमासिन स्थित सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस को जहाज के संपर्क से बाहर होने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी में जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में बंजारमासिन के एक घाट से करीब 148 किलोमीटर दूर बताई गई है। सूचना मिलते ही बचाव दल ने समुद्री क्षेत्र में जहाज की तलाश शुरू कर दी। रेस्क्यू टीमें संभावित इलाके में जहाज की लोकेशन तलाश रही हैं और उससे दोबारा संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
240 लोग सवार, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं
बताया जा रहा है कि जहाज पर कुल 240 लोग सवार थे। हालांकि, अभी तक जहाज के यात्रियों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अधिकारियों की कोशिश जहाज का जल्द से जल्द पता लगाने की है। जहाज के संपर्क से बाहर होने की वास्तविक वजह और यात्रियों की मौजूदा स्थिति का पता सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही चल सकेगा।