नई दिल्ली: राजधानी नई दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और बेहद महत्वपूर्ण दिन है। भारत मंडपम में BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों एवं शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में वैश्विक चुनौतियों, आर्थिक सहयोग और सतत विकास समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे भारत मंडपम में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने के साथ होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा। इस सत्र की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य’ रखी गई है। सत्र में वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, तकनीकी नवाचार और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर सदस्य और आमंत्रित देशों के नेता अपने विचार रखेंगे।
PM मोदी की 7 अहम द्विपक्षीय बैठकें
BRICS सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें होंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री मोदी शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय सहयोग और वैश्विक चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
आज PM मोदी की इन नेताओं से होगी मुलाकात
- 2:30 बजे: कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव
- 3:00 बजे: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर
- 3:30 बजे: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी
- 4:10 बजे: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा
- 4:40 बजे: बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये
- 5:10 बजे: नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा
- 5:40 बजे: युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो
पहले दिन भी दिखी भारत की कूटनीतिक सक्रियता
BRICS सम्मेलन के पहले दिन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई अहम द्विपक्षीय मुलाकातें हुईं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार समेत कई विषयों पर बातचीत हुई। पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और खान-पान की शानदार झलक देखने को मिली। वहीं मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीत की प्रस्तुति देकर माहौल को और खास बना दिया।
नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर बनी सहमति
BRICS सम्मेलन के पहले दिन नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सहमति भी बनी। इसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर BRICS देशों का साझा रुख सामने आया। भारत की मेजबानी में हो रहे इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय कूटनीति लगातार दिखाई दे रही है। अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ हो रही बैठकों के जरिए भारत व्यापार, निवेश, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। अब सम्मेलन के दूसरे दिन की निगाहें भारत मंडपम पर टिकी हैं, जहां BRICS देश और आमंत्रित राष्ट्र वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था से जुड़े अहम मुद्दों पर आगे की दिशा तय करने की कोशिश करेंगे।