जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार तड़के कुलगाम के जंगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों ने एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में लश्कर कमांडर लतीफ भट मारा गया। अधिकारियों के मुताबिक, इससे पहले इसी जिले में उसके एक साथी आतंकी उमर निसार को भी सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया था।
अमित शाह ने सुरक्षाबलों की तारीफ में क्या कहा?
लतीफ भट के मारे जाने के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सुरक्षाबलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से कुलगाम में यह सफल ऑपरेशन अंजाम दिया गया। अमित शाह ने अपने संदेश में बताया कि घाटी में लश्कर के आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को बुधवार तड़के मार गिराया गया। उन्होंने यह भी कहा कि इससे एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके सहयोगी उमर निसार को भी ढेर किया गया था। गृह मंत्री ने ऑपरेशन में शामिल सभी एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल की सराहना करते हुए कहा कि देश सुरक्षाबलों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।
CRPF जवानों पर हमले में शामिल था लतीफ भट
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। इसके बाद से ही सुरक्षाबल दोनों आतंकियों की तलाश में जुटे थे। सोमवार को दक्षिण कश्मीर के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट मौके से भागने में कामयाब रहा था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
खुफिया जानकारी के बाद जंगलपोरा में शुरू हुआ ऑपरेशन
अधिकारियों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों से आतंकियों की मौजूदगी को लेकर जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कुलगाम के देवसर इलाके के जंगलपोरा गांव में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान इलाके में छिपे आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर कार्रवाई की, जिसमें लश्कर कमांडर लतीफ भट मारा गया।
घाटी में आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के नेटवर्क को खत्म करने के लिए सुरक्षाबल लगातार अभियान चला रहे हैं। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां मिलकर आतंकियों की तलाश कर रही हैं। कुलगाम में पिछले कुछ दिनों के भीतर दो आतंकियों के मारे जाने को सुरक्षा एजेंसियों के लिए अहम कामयाबी माना जा रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ अभियान में सभी सुरक्षा एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं।