छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
महाराष्ट्र में पहले भी हो चुके हैं दर्दनाक बस हादसे
महाराष्ट्र में बस दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले महीने अक्टूबर में बीड जिले के माजलगांव तालुका में एसटी बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हुई थी। खामगांव-पंढरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिंदेवाड़ी फाटे के पास हुए इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया गया था कि कार में सवार श्रद्धालु तुलजापुर दर्शन के लिए जा रहे थे।
वहीं, इससे पहले नवी मुंबई के ठाणे-बेलापुर मार्ग स्थित बेलापुर खिंड में भी एसटी बस का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा हुआ था। अनियंत्रित बस ने तीन ऑटो रिक्शा और तीन कारों को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में नौ लोग घायल हो गए थे।
बस हादसों के पीछे क्या हैं बड़ी वजहें?
देशभर में लगातार हो रही बस दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। तेज रफ्तार, वाहन में तकनीकी खराबी, यातायात नियमों की अनदेखी और ड्राइवर की लापरवाही हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल हैं। कई मामलों में लंबी दूरी तक लगातार वाहन चलाने के कारण ड्राइवरों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जिससे थकान और नींद की वजह से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
ऐसे में बस चालकों के काम के घंटों को निर्धारित करने, नियमित स्वास्थ्य जांच, वाहनों की तकनीकी जांच और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की जरूरत है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन व्यवस्था में लापरवाही पर जवाबदेही तय करना भी बेहद जरूरी है।