काजीरंगा: असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां एक ट्रैवलर और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. शुरुआती पुलिस रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 20 से अधिक होने की आशंका जताई गई है.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास रंगाजन इलाके में हाथीकुली टी एस्टेट के नजदीक हुई. हादसा नेशनल हाईवे-715 पर हुआ, जहां एक ट्रैवलर की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि यात्री वाहन बोकाखाट से नगांव की ओर जा रहा था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वाहन में सवार कई यात्री अंदर फंस गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में करीब 35 से 40 लोग सवार थे. इनमें छात्र-छात्राएं भी शामिल बताए जा रहे हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमें
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया. क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया. वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है.
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने शुरुआती जानकारी के आधार पर 20 से अधिक लोगों के हताहत होने की आशंका जताई. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से शवों को निकालने का काम जारी था और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. असम सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.