प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा इस बार खास वजह से चर्चा में है. जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने इस धार्मिक आयोजन में पाकिस्तान से भारत आए करीब 500 हिंदू शरणार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया है. इन परिवारों के शामिल होने को लेकर आयोजकों की ओर से रहने, खाने और आवागमन तक के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.
दरअसल, कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में 17 से 20 नवंबर तक चार दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा. इसमें बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे. इस आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
शरणार्थियों के ठहरने और खाने के लिए विशेष इंतजाम
राजस्थान के जोधपुर स्थित शरणार्थी शिविर में रह रहे पाकिस्तान से आए हिंदू परिवारों को कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. इन परिवारों के ठहरने के लिए कथा स्थल के नजदीक विशेष टेंट लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा उनके भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है, ताकि आयोजन के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो. राजा भैया की ओर से इन परिवारों के लिए धार्मिक यात्रा का भी कार्यक्रम तैयार किया गया है. श्रीराम कथा में शामिल होने के बाद उन्हें प्रयागराज के संगम घाट, अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे. इसके लिए करीब 10 विशेष बसों की व्यवस्था की गई है.
2024 में भी शरणार्थी परिवारों से मिले थे राजा भैया
पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के साथ राजा भैया का जुड़ाव पहले भी सामने आ चुका है. वर्ष 2024 में उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित शरणार्थी शिविर का दौरा किया था. इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे परिवारों से मुलाकात की और उनकी मदद भी की थी. इसके अलावा दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में रहने वाले पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों की भी उन्होंने सहायता की थी. हाल ही में शरणार्थी बच्चों की ओर से राजा भैया के जन्मदिन पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं देने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आया था.
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशाल पंडाल, पार्किंग, पेयजल, भोजन और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं. आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की भी व्यवस्था की जा रही है. प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.