पटना/नई दिल्ली. लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर बिहार समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है. सुबह से ही गंगा घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है. लोग पवित्र नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना के साथ महापर्व की शुरुआत कर रहे हैं.
बिहार की राजधानी पटना में गंगा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही देखने को मिली. व्रती गंगा स्नान कर पूजा के लिए जल ले जा रहे हैं. घाटों पर छठ के पारंपरिक गीतों और जयकारों के बीच भक्तिमय माहौल बना हुआ है. बेगूसराय के झमटिया घाट समेत गंगा नदी के अन्य स्नान घाटों पर भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ पहुंच रही है. छठ पूजा को देखते हुए बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज हो गई है.
नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय अनुष्ठान
छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाती है. इस दिन व्रती सुबह स्नान करने के बाद घरों की साफ-सफाई करते हैं और पूरी शुद्धता के साथ भोजन तैयार किया जाता है. नहाय-खाय के प्रसाद में कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का विशेष महत्व होता है. भोजन तैयार करने से लेकर ग्रहण करने तक साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है. इसके साथ ही व्रती चार दिवसीय छठ अनुष्ठान का संकल्प लेते हैं.
14 नवंबर को खरना, 15 को डूबते सूर्य को अर्घ्य
छठ पूजा के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा. इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद ग्रहण करते हैं. खरना के बाद करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है.
महापर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इस दौरान श्रद्धालु सूप और दउरा में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर नदी, तालाब और निर्धारित छठ घाटों पर पहुंचेंगे. शाम के समय पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा.
वहीं, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा. इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत पूरा करेंगे.
दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में छठ की धूम
छठ पूजा का उत्साह अब केवल बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है. दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भी इस महापर्व को बड़े स्तर पर मनाया जाता है. दिल्ली में भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं. मुनक नहर के किनारे नवनिर्मित स्थायी छठ घाट पर एक साथ करीब 30 हजार श्रद्धालुओं के अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है. घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए गए हैं.
सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ महापर्व भगवान सूर्य और छठी मैया को समर्पित है. इस दौरान व्रती परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हैं. इस पर्व में शुद्धता, अनुशासन, संयम और प्रकृति के प्रति आस्था का विशेष महत्व माना जाता है.
छठ ऐसा महापर्व है जिसमें परिवार के सभी सदस्य मिलकर पूजा की तैयारियों में जुटते हैं. चार दिनों तक घरों से लेकर घाटों तक छठी मैया के पारंपरिक गीत सुनाई देते हैं. यही वजह है कि इस पर्व को लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी माना जाता है.