नई दिल्ली. लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. शुक्रवार को नहाय-खाय के अवसर पर पीएम मोदी ने छठ का व्रत रखने वाले सभी श्रद्धालुओं को नमन किया और छठी मैया से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आज नहाय-खाय है. सभी व्रतियों को मेरा नमन. सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है.”
पीएम मोदी ने अपने संदेश में छठ महापर्व की धार्मिक आस्था और सूर्य उपासना की परंपरा का उल्लेख करते हुए व्रतियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया. उनके इस संदेश को छठ पर्व के मौके पर देशभर में मनाए जा रहे उत्सव से जोड़कर देखा जा रहा है.
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व
बता दें कि चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो गई है. इस दिन व्रती पवित्र नदियों और जलाशयों में स्नान करने के बाद पूरी शुद्धता के साथ भोजन तैयार करते हैं. कद्दू-भात और चने की दाल इस दिन के पारंपरिक प्रसाद का हिस्सा होते हैं. इसके साथ ही व्रती चार दिवसीय अनुष्ठान का संकल्प लेते हैं.
राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी छठ महापर्व के शुभारंभ पर देशवासियों को बधाई दी है. उन्होंने छठ को लोक आस्था, पवित्रता और अटूट श्रद्धा का पर्व बताते हुए व्रत का संकल्प लेने वाले सभी श्रद्धालुओं को नमन किया. उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनी रहे.
16 नवंबर को होगा छठ महापर्व का समापन
छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान 16 नवंबर तक चलेगा. 14 नवंबर को खरना होगा, जबकि 15 नवंबर की शाम को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा. छठ को लेकर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में श्रद्धालुओं के बीच खास उत्साह देखने को मिल रहा है.