लखनऊ| उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने की कवायद तेज हो गई है. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिलाते हुए नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया है. दोनों नेताओं ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है. लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की कि यह मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगा. इस दौरान चंद्रशेखर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया. उन्होंने कहा कि यदि दोनों दल भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं तो सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं. फिलहाल इस गठबंधन में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM शामिल हैं.
चंद्रशेखर बोले- यह तीसरा नहीं, पहला मोर्चा है
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि इसे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के नाम से जाना जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में पहला मोर्चा है. आजाद ने कहा, “जो तस्वीर आज आपके सामने है, इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है. अभी इसमें दो पार्टियां हैं. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM. यह तीसरा मोर्चा नहीं है, यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है. यह पहला मोर्चा है. यह मजबूत मोर्चा बनेगा.” उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मुख्यधारा की राजनीति में जगह देने की बात करने वाले लोगों ने धोखा दिया. चंद्रशेखर के मुताबिक, आज भी बहुजन समाज के बड़े हिस्से को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी
चंद्रशेखर आजाद ने साफ किया कि उनका गठबंधन सीमित सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति नहीं अपनाएगा. मोर्चा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा. उन्होंने भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पिछले कई वर्षों से किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 से 2024 तक लगातार भाजपा को हराने की बातें होती रहीं, लेकिन इसके बावजूद पार्टी और मजबूत हुई. उन्होंने दलितों और वंचित वर्गों के सम्मान तथा अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब उन्हें अपमान सहकर नहीं रहना चाहिए.
अखिलेश यादव और राहुल गांधी को गठबंधन का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी अपने साथ आने का प्रस्ताव दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों के बीच व्यापक गठबंधन होना चाहिए. हालांकि, इस दौरान उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों पर अहंकार और महत्वाकांक्षा के चलते एकजुटता की कोशिशों को कमजोर करने का आरोप लगाया. इसके बावजूद उन्होंने सपा और कांग्रेस के लिए गठबंधन के दरवाजे खुले रखने की बात कही. चंद्रशेखर ने कहा, “बड़ा एलायंस बनना चाहिए. हमने प्रयास किया लेकिन अहंकार और महत्वाकांक्षा में डूबे लोग किसी की वकार नहीं समझते. मैं फिर भी ऑफर दूंगा, अगर सपा और कांग्रेस भी इस अलायंस में शामिल होकर भाजपा को हराना चाहे तो हम उनके साथ हैं. हम उनके साथ मिलकर लड़ेंगे.”