लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ किया है कि दोनों दल मिलकर तय करेंगे कि किस विधानसभा सीट पर कौन-सी पार्टी जीतने की स्थिति में है. उसी पार्टी को उस सीट पर चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा.
अखिलेश यादव ने रविवार को मैनपुरी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस के साथ बातचीत आगे जारी रहेगी और सीटों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा, “हम दोनों दल मिलकर तय करेंगे कि कौन जीतेगा. जिस पार्टी के जीतने की स्थिति होगी, उसे वह सीट मिल जाएगी.”
17 नवंबर को सपा-कांग्रेस के बीच अहम बैठक
सीटों के बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच 17 नवंबर को अहम बातचीत प्रस्तावित है. इस बैठक में दोनों दलों के नेता आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सीटों के बंटवारे पर चर्चा कर सकते हैं. ऐसे में अखिलेश यादव का ताजा बयान इस बैठक से पहले काफी अहम माना जा रहा है. दरअसल, दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. इससे पहले अखिलेश यादव ने संकेत दिया था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग रखी है. हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है.
कांग्रेस ने सपा को सौंपी अपनी पसंद की सीटों की सूची
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, पार्टी ने उन विधानसभा क्षेत्रों की सूची समाजवादी पार्टी को सौंप दी है, जहां से कांग्रेस चुनाव लड़ना चाहती है. उन्होंने कहा था कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत जल्द आगे बढ़ेगी. वहीं कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने भी बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा कर रहे हैं. इसमें चुनाव लड़ने वाली सीटों के अलावा पार्टी की नीतियों और प्रमुख मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है.
403 विधानसभा सीटों पर होना है चुनाव
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. साल 2027 में इन सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव होना है. पिछले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने इंडिया गठबंधन के तहत साथ मिलकर चुनाव लड़ा था.
अब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों पार्टियां गठबंधन की संभावनाओं और सीटों के तालमेल पर काम कर रही हैं. अखिलेश यादव के बयान से साफ है कि सपा सीटों के बंटवारे में केवल संख्या के बजाय संबंधित विधानसभा क्षेत्र में जीत की संभावना को भी आधार बनाना चाहती है. हालांकि, कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी और किन सीटों पर दोनों दलों के बीच सहमति बनेगी, इसका फैसला आगामी बातचीत के बाद ही स्पष्ट होगा.