समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां छठ पूजा की तैयारियों के दौरान प्रसाद जूठा करने की बात पर एक मां ने अपनी चार साल की बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजन उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है.
मामला जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव के वार्ड नंबर 12 का है. मृत बच्ची की पहचान सुहानी कुमारी के रूप में हुई है. वह गांव के निवासी राजू पासवान की बेटी थी. आरोपी महिला का नाम रीना कुमारी बताया गया है.
प्रसाद जूठा करने पर हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, छठ महापर्व को लेकर परिवार में तैयारियां चल रही थीं. बच्ची की मां रीना कुमारी घर में पूजा के लिए प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थीं. इसी दौरान चार वर्षीय सुहानी ने प्रसाद खाने की जिद की और तैयार पकवान को जूठा कर दिया. इस बात से नाराज होकर मां ने बच्ची की पिटाई कर दी.
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य छठ पूजा के लिए घर के पास घाट बनाने गए हुए थे. घर में मां और बच्ची मौजूद थीं. पिटाई के बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी. इसके बाद मां ही उसे लेकर इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने आरोपी मां को किया गिरफ्तार
बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद पूसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया. वहीं, मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर बच्ची की मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बेटी की मौत से परिवार में पसरा मातम
चार साल की सुहानी की मौत के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है. पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि परिवार में तीन बच्चे हैं. सुहानी की एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई भी है. इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है.