लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उनसे पूछताछ के लिए चार दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है. गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने 12 नवंबर को एजेंसी की याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया. इसके बाद ईडी की टीम आजम खान को पूछताछ के लिए लखनऊ लेकर आई.
दरअसल, यह पूरा मामला रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है. ईडी सरकारी ठेकों से जुड़े धन के कथित इस्तेमाल और यूनिवर्सिटी के निर्माण में हुए खर्च की जांच कर रही है.
16 नवंबर तक ED की कस्टडी में रहेंगे आजम खान
अदालत के आदेश के मुताबिक, ईडी को आजम खान की 12 नवंबर शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर शाम 4:30 बजे तक कस्टडी मिली है. इस दौरान जांच एजेंसी उनसे यूनिवर्सिटी के निर्माण, ट्रस्ट के खातों और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े सवाल पूछेगी. ईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सरकारी ठेके हासिल करने वाले कुछ ठेकेदारों की ओर से जौहर ट्रस्ट को दिए गए कथित चंदे का स्रोत क्या था और इस धन का इस्तेमाल कहां किया गया.
31 अक्टूबर को जेल से बाहर आते ही हुई थी गिरफ्तारी
आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जिला जेल से रिहाई मिलने के कुछ ही समय बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था. उन्हें दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिली थी. हालांकि, जेल से बाहर आते ही मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्रवाई के चलते उन्हें दोबारा हिरासत में जाना पड़ा. इसके बाद 1 नवंबर को गाजियाबाद की विशेष अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था. अब इसी मामले में ईडी को चार दिन की कस्टडी रिमांड मिली है.
जौहर यूनिवर्सिटी की 1170 करोड़ की संपत्ति जांच के घेरे में
ईडी ने 28 अक्टूबर को मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को अस्थायी रूप से कुर्क किया था. एजेंसी के मुताबिक, इन संपत्तियों की बुक वैल्यू करीब 426.46 करोड़ रुपये है, जबकि इनका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1,170 करोड़ रुपये बताया गया है. जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी परियोजनाओं के लिए मिले धन और निर्माण सामग्री का कथित तौर पर यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल किया गया. इसके अलावा ठेकेदारों और जौहर ट्रस्ट के बीच हुए वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है.
शिवपाल यादव ने जेल में आजम खान से की थी मुलाकात
आजम खान की गिरफ्तारी के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने 12 नवंबर को गाजियाबाद की डासना जेल में उनसे मुलाकात की थी. मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने आजम खान के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे.