नई दिल्ली: दिल्ली की बीजेपी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास रहे ‘शीशमहल’ को लेकर बड़ा ऐलान किया है. अब आम लोग भी टिकट लेकर इस बंगले को अंदर से देख सकेंगे. दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने मंगलवार को इसकी घोषणा की. उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से आम जनता के लिए यहां भ्रमण की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है.
पहले मीडिया को कराया जाएगा दौरा
मंत्री प्रवेश वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शीशमहल को जनता के लिए खोलने से पहले देश के मीडिया प्रतिनिधियों को इसका दौरा कराया जाएगा. इसके बाद आम लोगों के लिए प्रवेश की व्यवस्था शुरू होगी. इसके लिए टिकट और ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. टिकट की कीमत और बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी सरकार जल्द साझा करेगी.
पहले स्टेट गेस्ट हाउस बनाने की थी योजना
दरअसल, सिविल लाइंस स्थित 6 फ्लैगस्टाफ रोड के इस सरकारी आवास को लेकर दिल्ली सरकार ने पहले इसे स्टेट गेस्ट हाउस में बदलने का फैसला किया था. हालांकि, अब सरकार ने इस योजना में बदलाव करते हुए इसे आम जनता के लिए खोलने का निर्णय लिया है. प्रवेश वर्मा के मुताबिक, लोगों की मांग को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
33.66 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर हुआ था विवाद
अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान इस सरकारी आवास के नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर काफी राजनीतिक विवाद हुआ था. बीजेपी ने इसे ‘शीशमहल’ नाम देते हुए आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर निशाना साधा था.
CAG की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के नवीनीकरण पर कुल 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि शुरुआती अनुमान 7.91 करोड़ रुपये का था. रिपोर्ट में खर्च और निर्माण प्रक्रिया से जुड़े कई बिंदुओं पर सवाल उठाए गए थे. वहीं, आम आदमी पार्टी इन आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताती रही है.
बंगले के अंदर की सुविधाएं भी देख सकेंगे लोग
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि इस परिसर में स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम, महंगे पर्दे और वियतनाम से मंगवाया गया संगमरमर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि अब आम जनता खुद इस परिसर का दौरा कर सकेगी और अंदर की व्यवस्था देख पाएगी.
सरकार के इस फैसले के बाद एक बार फिर ‘शीशमहल’ का मुद्दा चर्चा में आ गया है. अब लोगों की नजरें इस बात पर हैं कि टिकट की कीमत क्या होगी और ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया कब शुरू की जाएगी.