पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार का एक और कार्यकाल के लिए समर्थन करेगी। सम्राट चौधरी ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) किसी नए चेहरे को आगे बढ़ा सकता है। सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत का पार्टी में आना उनका व्यक्तिगत और जद(यू) का आंतरिक मामला है।
वहीं सम्राट चौधरी ने राज्य में NDA के मुख्य प्रतिद्वंद्वी तेजस्वी यादव को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद द्वारा ‘‘मात्र प्रतिनिधि’’ करार दिया। यह पूछे जाने पर कि अगले बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होंगे?
इस पर सम्राट चौधरी ने कहा, ‘‘बिहार की राजनीति में यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि राजग के नेता नीतीश कुमार हैं। वह 1996 से गठबंधन के नेता हैं। भारतीय जनता पार्टी इनके नेतृत्व में सहज रही है। कल भी नीतीश थे, आज भी नीतीश हैं और कल भी नीतीश कुमार ही रहेंगे।’’