अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में बड़ा धमाका कर दहशत फैलाने वाला आरोपी एनकाउंटर में मारा गया। पंजाब पुलिस के सूत्रों से जानकारी सामने आई है। दरअसल, अमृतसर में शुक्रवार रात को एक बड़ा धमाका हुआ था। बाइक पर आए दो लोगों ने ग्रेनेड से हमला किया था, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक पर दो लोग आते हैं, उनके हाथ में एक झंडा भी है। वह कुछ सेकंड रुकते हैं और फिर किसी चीज को फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। जैसे ही ये लोग मौके से भागते हैं, उसी दौरान एक बड़ा धमाका हुआ।
अमृतसर के खंडवाला इलाके में ग्रेनेड से हमला किया गया था। शुक्रवार देर रात 12:35 बजे के करीब यह हमला हुआ था। हमले के तुरंत बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। जब यह हमला हुआ तो लोग अंदर सोए हुए थे। गनीमत यह रही कि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना का सीसीटीवी सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आज एनकाउंटर में ढेर कर दिया। हालांकि, अभी तक आरोपियों की पहचान सामने नहीं आई है कि आखिर ये हमलावर कौन लोग थे और क्यों हमला किया था।