मुजफ्फरनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित औरंगजेब की कब्र हटाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने महाराष्ट्र सरकार से इसे जल्द हटाने की मांग की है। इसी विवाद को लेकर नागपुर में हिंसा भी देखने को मिली। अब ये मामला यूपी में भी आग पकड़ रहा है। यूपी के मुजफ्फरनगर में तो औरंगजेब की कब्र तोड़ने वाले को 5 बीघा जमीन और 11 लाख रुपए तक देने की घोषणा की गई है।
मुजफ्फरनगर में आज मंगलवार दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय पर सैकड़ों शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा नागपुर कांड को लेकर जमकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने औरंगजेब मुर्दाबाद और भारत माता जिंदाबाद के नारे लगाए। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जय भवानी, जय शिवाजी के नारे लगाते हुए कहा कि औरंगजेब का समर्थन करने वाले को जूते मारने चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी को एक ज्ञापन भी भेंट किया, जिसमें मांग की गई कि देश में मुगल शासक औरंगजेब सहित सभी विदेशी मुगल शासकों की कब्र और उनके नाम से बनाई गई सड़कों और स्मारकों का नाम हटाया जाए।
प्रदर्शन के बीच शिवसेना के जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति औरंगजेब की कब्र को तोड़ेगा, उसे वह 5 बीघा जमीन और 11 लख रुपए इनाम के तौर पर देंगे। इसके साथ ही शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि नागपुर कांड के सभी दोषियों और औरंगजेब का समर्थन करने वाले सभी जिहादियों की भारतीय नागरिकता समाप्त कर उन पर रासुका लगाई जाए और उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश भेज दिया जाए।