अहमदाबाद। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 1 जून 2025 को खेले गए आईपीएल 2025 के क्वालिफायर 2 मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पंजाब ने 204 रनों के लक्ष्य को 19 ओवर में हासिल कर लिया। टीम की जीत के हीरो रहे कप्तान श्रेयस अय्यर, जिन्होंने 41 गेंदों पर नाबाद 87 रनों की शानदार पारी खेली और आखिरी ओवर में छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
After the match is over, Shreyas Iyer is saying something angrily to Shashank Singh, tell me what is he saying?#shreyashiyar |#ShashankSingh #IPLPlayoffs |#PBKSvsMI pic.twitter.com/Eo7s7YHSgn
— Irfan isak shaikh (@irfan_speak786) June 1, 2025
हालांकि जीत के जश्न के बीच मैदान पर ही श्रेयस अय्यर ने अपनी ही टीम के खिलाड़ी शशांक सिंह पर गुस्सा जाहिर किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पारंपरिक हैंडशेक के दौरान श्रेयस ने शशांक को पास आने से रोका और उन पर अपशब्द कहे। उनके हाव-भाव से साफ था कि वह शशांक से बेहद नाराज थे। कहा जा रहा है कि अय्यर, शशांक के रन आउट होने के तरीके से नाखुश थे।
शशांक की लापरवाही से भड़के अय्यर
मैच के 17वें ओवर में शशांक सिंह सिर्फ 2 रन बनाकर रन आउट हो गए। उस समय पंजाब को 21 गेंदों में 34 रन की दरकार थी। शशांक ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद को मिड-ऑन की दिशा में खेला लेकिन रन लेते वक्त लापरवाही बरती। मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने शानदार फील्डिंग करते हुए सीधा थ्रो मारा और शशांक क्रीज में पहुंचने से पहले ही रन आउट हो गए। रिप्ले में देखा गया कि उन्होंने न तो तेज दौड़ लगाई और न ही क्रीज तक पहुंचने के लिए डाइव मारी। यह विकेट पंजाब को मुश्किल में डाल सकता था, लेकिन कप्तान अय्यर ने मोर्चा संभालते हुए टीम को सुरक्षित फिनिश दिलाया।
श्रेयस अय्यर और शशांक सिंह के बीच यह टकराव अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फैंस जहां एक ओर अय्यर की कप्तानी और बल्लेबाजी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग मैदान पर साथी खिलाड़ी के साथ इस तरह के व्यवहार की आलोचना भी कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक इस मामले पर टीम मैनेजमेंट या खिलाड़ियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।