कोच्चि: प्रसिद्ध मलयालम रैपर और सॉन्ग राइटर हिरंदास मुरली, जो वेदान के नाम से पहचाने जाते हैं, एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन पर एक महिला डॉक्टर ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वेदान ने शादी का झूठा वादा कर 2021 से 2023 के बीच कई बार उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
थ्रीक्काकारा पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी में महिला डॉक्टर ने बताया कि वेदान ने राज्य के विभिन्न स्थानों पर कई अवसरों पर उनका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पहले भी विवादों में रहे हैं वेदान
यह पहली बार नहीं है जब वेदान कानूनी संकट में फंसे हैं। अप्रैल 2025 में उन्हें ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें जमानत पर रिहाई मिली। इसके बाद, उनके पास से तेंदुए का दांत मिलने पर वन विभाग ने भी उन्हें हिरासत में लिया था। मई 2025 में एक भाजपा नेता ने उनके खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने और अपने गानों के ज़रिए जातीय भेदभाव फैलाने का आरोप लगाया था।
इसके अलावा, अप्रैल महीने में कोच्चि के व्हाइट हिल पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक फ्लैट से गांजा बरामद किया गया था, जहां पुलिस ने रैपर वेदान को नौ अन्य लोगों के साथ हिरासत में लिया था। तलाशी के दौरान छह ग्राम गांजा मिलने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
वेदान कौन हैं?
त्रिशूर के रहने वाले वेदान ‘वॉयस ऑफ द वॉइसलेस’ जैसे रैप वीडियो से चर्चित हुए थे। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों के लिए संगीत दिया। हाल ही में वे फिल्म मंजुम्मेल बॉयज’ के प्रोमो सॉन्ग ‘कुथांथ्रम’ में संगीत निर्देशक सुशीन श्याम के साथ काम कर चुके हैं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।