नई दिल्ली। दिल्ली की मंडोली जेल में सलमान त्यागी नाम के एक गैंगस्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जेल नंबर 15 में हुई और आज सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। सलमान त्यागी पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) समेत हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में दर्जनों मुकदमे चल रहे थे।
गैंगस्टर सलमान त्यागी का नाम दिल्ली के अपराध जगत में लंबे समय से चर्चा में रहा है। वो कई संगीन अपराधों में शामिल रहा, जिनमें हत्या, रंगदारी और अवैध हथियारों से संबंधित मामले शामिल हैं। फिलहाल, आत्महत्या के कारण की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। जेल प्रशासन और पुलिस इस मामले की जांच में जुट गए हैं, ताकि इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
सुभाष नगर इलाके में दो सगे भाइयों पर दर्जन भर गोलियां चलावाने का आरोप भी सलमान त्यागी पर था। आरोप है कि जेल में बैठकर गैंगस्टर ने इस साजिश को रचा था। इस वारदात को उसके बाहर मौजूद शूटरों ने अंजाम दिया था, जिसके पीछे सलमान का दिमाग काम कर रहा था। इस घटना ने जेल सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ सलमान त्यागी के करीबी रिश्ते थे, वो लंबे समय से लॉरेंस ग्रुप से जुड़ा हुआ था। सलमान त्यागी, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कई बार बात भी कर चुका था। सूत्र अनुसार सलमान, लॉरेंस गैंग के एक्सटॉर्शन और फायरिंग जैसे कई काम भी कर चुका था। कुछ दिनों पहले सलमान के पास से जेल प्रशासन ने फोन भी बरामद किया था।