खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के बड़े कब्रिस्तान में सोमवार सुबह दो कब्रें खुली मिलीं। इनमें से एक हाल ही में दफनाई गई महिला की थी, जबकि दूसरी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन, बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग और शहर काजी मौके पर पहुंचे।
CCTV फुटेज में हैरान कर देने वाले दृश्य
पुलिस जांच में सामने आया कि कब्रिस्तान में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो युवक पूरी तरह नग्न हालत में दिखाई दिए। फुटेज में एक आरोपी खंभे पर चढ़कर कैमरे को ढकने की कोशिश करता भी दिखा। पुलिस ने DVR जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मौके पर मृतका की कब्र को परिजनों की मौजूदगी में फिर से ठीक किया गया। घटना के बाद समाज में गुस्सा और डर का माहौल है। शहर काजी सैयद निसार अली ने कहा कि, “पिछले 5 महीनों से कब्रों को खोदने की घटनाएँ लगातार हो रही हैं। ज्यादातर मामले महिलाओं की कब्रों के साथ हुए हैं। पहले हमें लगा कि यह तांत्रिक क्रिया है, लेकिन अब जो फुटेज सामने आए हैं, वे और भी भयावह हैं। यह हमारी आस्था पर गहरी चोट है और शहर में तनाव का कारण बन रहा है।
कब्रों से छेड़छाड़ की घटनाएँ लगातार
जानकारी के अनुसार, मई से अब तक कई बार कब्रें खोदी जा चुकी हैं।17-18 मई: तीन कब्रें खोली गईं, जिनमें से एक महिला की थी।19-20 मई की रात: बाग कब्रिस्तान में तीन महिलाओं की कब्रें पैरों की तरफ से खोली गईं, कपड़े अस्त-व्यस्त मिले। 20 मई (अमावस्या): बड़ा कब्रिस्तान और सिहाड़ा कब्रिस्तान में 6 कब्रों से छेड़छाड़ की गई।अब सोमवार को फिर बड़ी बाग में दो कब्रें खुली मिलीं।एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर ने बताया कि सुबह सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दो कब्रों के साथ छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।लगातार हो रही इन वारदातों ने न केवल परिजनों बल्कि पूरे समाज को दहला दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।