लखनऊ। लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा मौत मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद अब उसके बॉयफ्रेंड और मददगार आमिर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आमिर ने श्रद्धा को पुलिस से बचाकर नेपाल सीमा तक पहुंचाने में मदद की थी। इतना ही नहीं, उसने श्रद्धा को नया मोबाइल फोन और फर्जी पहचान पत्र पर लिया गया सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था। पुलिस अब आमिर से पूछताछ कर इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
श्रद्धा को नेपाल सीमा तक पहुंचाने में आमिर की भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया है कि 9 अक्टूबर की रात श्रद्धा दुबे के लखनऊ से गायब होने के बाद आमिर ने उसे फरार होने में मदद की थी। सूत्रों के मुताबिक, आमिर ही श्रद्धा को नेपाल सीमा तक छोड़कर आया था, ताकि वह पुलिस की पकड़ से दूर रह सके। इसके अलावा, पुलिस को आशंका है कि श्रद्धा की पहचान छिपाने और उससे संपर्क बनाए रखने के लिए आमिर ने उसे नया मोबाइल फोन और फर्जी आईडी पर जारी सिम कार्ड भी मुहैया कराया था। पुलिस ने पहले आमिर को हिरासत में लेकर पूछताछ की और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि श्रद्धा को फरार कराने की योजना में आमिर के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे।
नागपुर से गिरफ्तार हुई थी श्रद्धा दुबे
इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस और विशेष कार्यबल (STF) की संयुक्त टीम ने नागपुर से मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसके ड्राइवर दानिश और उसकी बहन रश्मि दुबे को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उन लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर उसे फरार होने में मदद की। आमिर की गिरफ्तारी को इसी कड़ी में अहम माना जा रहा है।
क्या है शिव शर्मा मौत मामला?
लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा इलाके में 9 अक्टूबर को 28 वर्षीय कैफे मालिक शिवा शर्मा एक अपार्टमेंट की बालकनी से नीचे गिर गए थे। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी। मामले में शिवा शर्मा के परिजनों ने आरोप लगाया था कि उन्हें इमारत से नीचे गिराने से पहले उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी। शुरुआत में पुलिस ने मामले की जांच दुर्घटना के रूप में शुरू की थी। हालांकि, परिजनों की शिकायत और लगाए गए आरोपों के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से ही 31 वर्षीय मॉडल श्रद्धा दुबे फरार चल रही थी।