बरेली में हाल ही में हुई हिंसा के सिलसिले में मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 10 FIR दर्ज की हैं, जिनमें से 7 FIR तौकीर रजा के खिलाफ और 3 अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं। इस हिंसा के बाद पुलिस ने तौकीर रजा समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया और 39 अन्य को हिरासत में लिया।
मौलाना तौकीर रजा इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल के प्रमुख हैं। उन्होंने “आई लव मोहम्मद” पोस्टर को लेकर विवादित बयान और प्रदर्शन का ऐलान किया था, जिसके बाद बरेली में हिंसक घटनाएं हुईं। यह हिंसा मुख्य रूप से थाना कोतवाली, थाना प्रेम नगर और थाना किला क्षेत्रों में दर्ज FIR में दर्ज की गई है।बरेली पुलिस और जिलाधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिंसा की पूरी जानकारी दी। एसएसपी ने बताया कि कुल 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को छर्रे लगे हैं और उनका मेडिकल परीक्षण जारी है। पुलिस के पास इस घटना से संबंधित लगभग 200 सीसीटीवी फुटेज हैं।
प्रमुख FIR में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। खलील तिराहे पर भीड़ को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे इस्लामिया कैंपस की तरफ बढ़ने लगे। घटना स्थल से ईंट, पत्थर, खोखा, कारतूस, ब्लेड और जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं। पुलिस सभी आरोपियों की गतिविधियों और संपर्कों की जांच कर रही है, और उनके मोबाइल फोन से सबूत जुटाए जा रहे हैं।