पांच साल के लंबे अंतराल के बाद भारत और चीन के बीच सीधी हवाई सेवाएं फिर से शुरू होने जा रही हैं। चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस 9 नवंबर से शंघाई और दिल्ली के बीच सीधी उड़ानें शुरू करेगी, जबकि इंडिगो 26 अक्टूबर से कोलकाता और ग्वांगझोउ के बीच अपनी सेवाएं बहाल करने जा रही है।
फ्लाइट्स का शेड्यूल
चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की शंघाई-दिल्ली उड़ानें 9 नवंबर से सप्ताह में तीन दिन—बुधवार, शनिवार और रविवार को चलेंगी। इन सेवाओं में A330-200 एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल किया जाएगा।
इसके अलावा, इंडिगो की कोलकाता-ग्वांगझोउ उड़ानें 26 अक्टूबर से शुरू होंगी, जबकि दिल्ली-ग्वांगझोउ मार्ग पर उड़ानें 10 नवंबर से शुरू की जाएंगी।
कोविड और तनाव के बाद फिर से जुड़ेंगे दोनों देश
भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें मार्च 2020 में कोविड-19 महामारी के कारण बंद कर दी गई थीं। महामारी के दौरान दोनों देशों ने सीमाओं पर कड़े प्रतिबंध लगाए थे। इसके बाद 2020 में गलवान घाटी में हुए सैन्य संघर्ष के चलते द्विपक्षीय संबंधों में तनाव और बढ़ गया, जिससे उड़ान सेवाओं की बहाली पर कोई पहल नहीं हो सकी।अब, दोनों देशों के सिविल एविएशन अधिकारियों के बीच तकनीकी स्तर की बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीधी उड़ानों की बहाली से भारत और चीन के बीच संपर्क, व्यापार और आर्थिक सहयोग को नई गति मिलेगी।