पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अफरीदी आबाद इलाके में एक निजी स्कूल की छत गिरने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कई बच्चे शामिल हैं। हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य के बीच मृतकों की पहचान की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में 21 छात्रों और एक महिला शिक्षिका की मौत की पुष्टि हुई थी। मृत बच्चों में दो लड़कियां भी शामिल थीं। उनकी उम्र 7 से 12 साल के बीच बताई गई है। बाद में मृतकों की कुल संख्या 28 होने की जानकारी सामने आई।
30 से ज्यादा लोग घायल, 6 की हालत गंभीर
पेशावर के लेडी रीडिंग अस्पताल के अधिकारी आसिम खान ने हादसे में छात्रों और शिक्षिका की मौत की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया कि 30 से ज्यादा घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें छह की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज जारी है। स्कूल की छत गिरने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारणों का पता लगाने और प्रभावित लोगों की मदद के लिए कार्रवाई की जा रही है।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस अपूरणीय क्षति को सहने के लिए शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और धैर्य मिले।
पाकिस्तान में इमारतों और छतों के गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और घटिया सामग्री के इस्तेमाल को ऐसी घटनाओं की प्रमुख वजहों में गिना जाता है। इस साल जून में लाहौर के एक ट्यूशन सेंटर की छत गिरने से एक दर्जन से ज्यादा बच्चों की मौत होने की खबर सामने आई थी। वहीं, कराची के लियारी इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने से 27 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 अन्य घायल हुए थे।