उत्तराखंड के देवप्रयाग में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह हादसा ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा नंबर की मारुति सुजुकी वैगनआर (HR-68 C 1242) में चालक समेत पांच लोग सवार थे। कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खाई में गिरते हुए नदी किनारे जा पहुंची।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की ब्यासी व श्रीनगर टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई और दुर्गम रास्ते के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने तीन घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले कार चालक अनिल और 72 वर्षीय सत्येश्वरी देवी के शवों को निकालने में भी काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
राफ्ट के सहारे नदी पार कर लाए गए शव
हादसे में कार चालक अनिल और बुजुर्ग महिला सत्येश्वरी देवी की मौत हो गई। दोनों के शवों को राफ्ट की मदद से नदी पार कर देवप्रयाग पहुंचाया गया। इसके बाद पुलिस ने शवों को आगे की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।