4,280 करोड़ की लागत से बना है नीतीश सेतु
गंगा नदी पर निर्मित नीतीश सेतु इस परियोजना की सबसे अहम उपलब्धियों में शामिल है. करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है. लगभग 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं. यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे तकनीक से तैयार किया गया पुल है. इसका नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है. इसके शुरू होने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन पहले के मुकाबले आसान होगा. साथ ही क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है. पीएम मोदी ने कहा कि इस पुल के जरिए किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां और दूध-दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी. इससे युवाओं के लिए शिक्षा और बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी.
‘छठी मईया के आशीर्वाद से मना रहे विकास का पर्व’
वैशाली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने छठ महापर्व का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार की धरती पर छठ का पर्व आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है. माताओं और बहनों ने कठिन व्रत रखकर परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की है. अब छठी मईया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि वैशाली लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती है. एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है और इस अवसर पर विकास परियोजनाओं की शुरुआत के लिए वैशाली को चुना गया है. उन्होंने बिहार और वैशाली की धरती को नमन करते हुए कहा कि सरकार सबका साथ और सबका विकास के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है.
नीतीश कुमार के योगदान का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास में नीतीश कुमार की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब तीन दशक पहले राज्य ने विकास की नई राह पर आगे बढ़ने का फैसला किया था. नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की. अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम विकास के इस अभियान को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास इसी दिशा में उठाया गया कदम है. आधुनिक सड़कों का निर्माण बिहार में तेजी से हो रहा है और इससे राज्य के अलग-अलग हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर होगा.
‘पहले घोटालों की गिनती होती थी, अब निवेश के आंकड़े आते हैं’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बिहार में एनडीए सरकार के शासनकाल की तुलना पुराने दौर से की. उन्होंने कहा कि पहले बिहार की पहचान घोटालों और अपराध से जुड़ी खबरों के कारण होती थी, लेकिन अब राज्य में निवेश और विकास की चर्चा हो रही है. प्रधानमंत्री के मुताबिक, अब अपराध के आंकड़ों के बजाय अपराधियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई पर बात होती है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिहार के विकास की रफ्तार बढ़ी है और पिछले एक साल में हुए काम इसका उदाहरण हैं.
गरीब परिवारों को मिले पक्के मकान, 100 ई-बसें रवाना
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 100 आधुनिक पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इससे बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी. इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां सौंपी गईं. केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत सड़क, ऊर्जा, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया. पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार योजनाएं तैयार कर रही है और राज्य सरकार उन्हें जमीन पर उतारने का काम कर रही है. उन्होंने दावा किया कि गरीबों के जीवन को आसान बनाने की प्राथमिकता के कारण देश में गरीबी के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिली है.