मराठी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रहे एक्टर सचिन चंदवाड़े की मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। 25 वर्षीय सचिन महाराष्ट्र के जलगांव जिले के परोला स्थित अपने घर पर मृत पाए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की है।
जानकारी के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2025 को परिवार ने उन्हें बेहोशी की हालत में फंदे से लटका हुआ पाया। तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें धुले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 24 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सचिन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। परिवार और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सचिन चंदवाड़े सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे। महज कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपनी नई मराठी फिल्म ‘असुरवन’ की घोषणा की थी और उसमें अपने किरदार *‘सोमा’* का पहला लुक भी साझा किया था। रामचंद्र मंगो द्वारा निर्देशित यह फिल्म जल्द रिलीज होने वाली थी, जो अब उनकी आखिरी फिल्म मानी जा रही है।
एक्टर होने के साथ-साथ सचिन एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी थे। उन्होंने पुणे के एक आईटी पार्क में काम करने के बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखा। 2022 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘जामताड़ा 2’ में उनके किरदार को दर्शकों ने काफी सराहा था। उनकी असमय मौत से मराठी और हिंदी मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।