मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन शुक्रवार को मुंबई के जुहू बीच पर सफाई अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी और ‘दिव्यज फाउंडेशन’ की संस्थापक अमृता फडणवीस के साथ मिलकर समुद्र तट की सफाई की। यह अभियान ‘दिव्यज फाउंडेशन’ की ओर से चलाए गए ‘सी शोर शाइन 2026’ कैंपेन का हिस्सा था। गणपति विसर्जन के बाद मुंबई के समुद्र तटों पर जमा हुए कचरे को हटाने के लिए आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स भी शामिल हुए। आयोजकों के मुताबिक, इसका उद्देश्य लोगों को समुद्र और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के प्रति जागरूक करना और स्वच्छ वातावरण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है।
अजय देवगन ने खुद उठाया कचरा
सफाई अभियान से सामने आए वीडियो में अजय देवगन वॉलंटियर्स के साथ जुहू बीच पर कचरा इकट्ठा करते नजर आए। अभिनेता ने गणपति विसर्जन के बाद समुद्र किनारे बचे सामान और कचरे को उठाकर बैग में रखा। इस दौरान अजय ने लोगों से अपने आसपास के माहौल को साफ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखना जरूरी समझते हैं, उसी तरह शहर, देश और समुद्र को साफ रखना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अभिनेता ने लोगों से छोटी-छोटी कोशिशों के जरिए सफाई अभियान में योगदान देने की बात कही। उनका कहना था कि अगर हर व्यक्ति अपनी तरफ से थोड़ा प्रयासकरे तो सामूहिक रूप से बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
गणपति विसर्जन के बाद बढ़ी सफाई की जरूरत
मुंबई में गणपति उत्सव के बाद समुद्र तटों पर बड़ी मात्रा में कचरा दिखाई देता है। मूर्तियों के विसर्जन और पूजा सामग्री के कारण समुद्र और उसके आसपास के इलाकों में सफाई एक अहम मुद्दा बन जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जुहू बीच पर यह अभियान आयोजित किया गया। बताया गया है कि इससे पहले 2025 में अभिनेता अक्षय कुमार भी गणपति उत्सव के बाद जुहू बीच पर आयोजित सफाई अभियान में शामिल हुए थे।
क्या है ‘सी शोर शाइन 2026’ अभियान?
‘सी शोर शाइन 2026’ का उद्देश्य मुंबई के समुद्र तटों की सफाई के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। अभियान के जरिए नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस पहल में सेलिब्रिटी के साथ आम नागरिक और वॉलंटियर्स भी शामिल हुए, जिससे समुद्र तट की सफाई को लेकर सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में नजर आएंगे अजय देवगन
वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में नजर आएंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में जयदीप अहलावत, तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, प्रकाश राज, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव के नाम शामिल हैं। इसके अलावा अजय देवगन की आगामी फिल्मों की लिस्ट में ‘चौहान’ और ‘गोलमाल 5’ भी शामिल हैं।