पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा टूर’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में है। 27 नवंबर को मुंबई में हुए उनके कॉन्सर्ट में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। दिलजीत ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस और एनर्जी से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। हालांकि, इस शाम का सबसे खास आकर्षण बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा रहीं, जो सिंगर के साथ स्टेज पर डांस करती नजर आईं। दोनों का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्टेज पर सान्या के लिए दिलजीत ने गाया ‘चार्मर’
मुंबई कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने अचानक सान्या मल्होत्रा को स्टेज पर बुलाकर फैंस को सरप्राइज दे दिया। इसके बाद उन्होंने अपना चर्चित गाना ‘चार्मर’ सान्या को समर्पित किया। इस दौरान दिलजीत घुटनों के बल बैठ गए और गाना गाते हुए एक्ट्रेस का हाथ थाम लिया। इसके बाद दोनों ने साथ में डांस किया। दिलजीत ने सान्या को एक खास तोहफा भी दिया और उन्हें सम्मान के साथ स्टेज से नीचे तक पहुंचाया।
दरअसल, सान्या मल्होत्रा और दिलजीत दोसांझ पहले भी ‘चार्मर’ के म्यूजिक वीडियो में साथ नजर आ चुके हैं। गाने में सान्या के डांस मूव्स को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। कॉन्सर्ट में इस गाने का जिक्र करते हुए दिलजीत ने इसकी सफलता का श्रेय भी एक्ट्रेस को दिया। उन्होंने कहा कि सान्या ने इस गाने पर रील्स बनाईं, जिसकी वजह से इसे लोगों के बीच खूब लोकप्रियता मिली।
सान्या और दिलजीत की केमिस्ट्री पर फिदा हुए फैंस
स्टेज पर दोनों की मस्ती और डांस का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने इस पल को शानदार बताया तो किसी ने दोनों की केमिस्ट्री और एनर्जी की तारीफ की। कॉन्सर्ट में मौजूद दर्शकों ने भी इस खास पल का खूब आनंद लिया।
करिश्मा कपूर समेत कई सितारे पहुंचे कॉन्सर्ट
दिलजीत दोसांझ के मुंबई शो में सिर्फ सान्या मल्होत्रा ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के कई जाने-पहचाने चेहरे भी नजर आए। एक्ट्रेस करिश्मा कपूर भी कॉन्सर्ट में जमकर मस्ती करती दिखीं। वह दिलजीत के गानों पर थिरकती नजर आईं और अपने मोबाइल फोन में इस यादगार शाम के कई पल रिकॉर्ड किए।
खास बात यह रही कि जब दिलजीत ने स्टेज पर ‘सांसों की माला’ गाना गाया तो करिश्मा भी उनके साथ सुर मिलाती दिखाई दीं। इनके अलावा राशा थडानी, अवनीत कौर, सुजैन खान, अर्सलान गोनी और जैस्मीन भसीन समेत कई हस्तियां इस कार्यक्रम का हिस्सा बनीं।
कब और कहां होंगे दिलजीत के अगले कॉन्सर्ट?
मुंबई में शानदार शो के बाद दिलजीत दोसांझ का ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ अभी जारी रहेगा। इस टूर के तहत सिंगर के चार और शहरों में कॉन्सर्ट होने हैं। उनके आगामी कार्यक्रमों का शेड्यूल इस प्रकार है:
- 29 नवंबर 2026: बेंगलुरु
- 5 दिसंबर 2026: लखनऊ
- 12 दिसंबर 2026: मुल्लनपुर, चंडीगढ़ (महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम)
- 19 दिसंबर 2026: कोलकाता (विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन)
कोलकाता में होने वाले कॉन्सर्ट के साथ ही दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का समापन होगा। मुंबई में सान्या मल्होत्रा के साथ उनकी मस्ती और करिश्मा कपूर की मौजूदगी ने इस शो को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया है।