मशहूर संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और सन ग्रुप की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर काव्या मारन की शादी इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। ग्रीस में शाही अंदाज में शादी करने के बाद चेन्नई में हुए ग्रैंड रिसेप्शन ने भी खूब चर्चा बटोरी थी। अब इस कपल के शादी समारोह से जुड़ा एक और खास वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस बार चर्चा किसी फिल्मी सितारे या बड़े सेलिब्रिटी की नहीं, बल्कि उस खास दावत की है, जिसका आयोजन अनिरुद्ध और काव्या ने सन ग्रुप के कर्मचारियों के लिए किया।
वीडियो में कंपनी के कर्मचारी पारंपरिक दक्षिण भारतीय अंदाज में परोसे गए लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाते दिखाई दे रहे हैं। खास बात यह रही कि इस आयोजन में नवविवाहित जोड़ा भी कर्मचारियों के बीच पहुंचा और सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
केले के पत्तों पर परोसा गया खास खाना, मेन्यू में दिखीं कई डिशेज
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कर्मचारियों के लिए खास भोज का इंतजाम नजर आ रहा है। सभी को केले के पत्तों पर पारंपरिक दक्षिण भारतीय तरीके से खाना परोसा गया। इस दावत के मेन्यू में कई तरह के स्वादिष्ट पकवान शामिल थे। खाने में बिरयानी के साथ फ्राइड चिकन, मटन सुक्का, सहजन की मसालेदार सब्जी, उबले हुए अंडे, प्याज का रायता और बैंगन की करी परोसी गई। वहीं, भोजन के बाद मेहमानों के लिए गुलाब जामुन, आइसक्रीम और दूसरी मिठाइयों की भी व्यवस्था की गई थी। इस दौरान अनिरुद्ध और काव्या ने खुद कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन किया। दोनों हाथ जोड़कर लोगों का स्वागत करते और शादी की खुशी उनके साथ साझा करते दिखाई दिए। इस मौके पर अनिरुद्ध ग्रे रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि काव्या लाल रंग के खूबसूरत अनारकली सूट में दिखाई दीं।
कौन हैं काव्या मारन? बड़े कारोबारी परिवार से रखती हैं ताल्लुक
काव्या मारन देश के चर्चित कारोबारी परिवारों में से एक से आती हैं। वह सन ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं। सन ग्रुप का कारोबार मीडिया और मनोरंजन जगत में काफी बड़ा है। इसके तहत टेलीविजन चैनल, फिल्म निर्माण और मनोरंजन से जुड़े कई कारोबार संचालित किए जाते हैं। काव्या मारन सन टीवी नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालती हैं। इसके अलावा वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ भी हैं। क्रिकेट के मैदान पर भी उनकी मौजूदगी अक्सर सुर्खियों में रहती है।
ग्रीस में हुई शादी, चेन्नई के रिसेप्शन में पहुंचे धोनी से लेकर रश्मिका तक
अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी की खबरें काफी समय से चर्चा में थीं। दोनों के रिश्ते को लेकर साल 2025 से ही अटकलें लगाई जा रही थीं। इस साल की शुरुआत में अनिरुद्ध के चाचा और अभिनेता वाईजी महेंद्रन ने परिवार में शादी की संभावना के संकेत दिए थे। इसके बाद दोनों को फिल्म ‘जेलर 2’ की स्क्रीनिंग में साथ देखा गया। अक्टूबर में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सार्वजनिक रूप से दोनों की शादी का जिक्र किया था। इसके बाद 11 नवंबर को अनिरुद्ध और काव्या ने ग्रीस में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी कर ली।
शादी के बाद 21 नवंबर को चेन्नई में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस समारोह में क्रिकेट, सिनेमा और राजनीति से जुड़ी कई चर्चित हस्तियों ने शिरकत की। भारतीय क्रिकेटर एमएस धोनी, अभिनेता अजित कुमार, नयनतारा, विजय देवरकोंडा, रश्मिका मंदाना, पूजा हेगड़े, राम्या कृष्णन और शिवकार्तिकेयन समेत कई सितारे नवविवाहित जोड़े को बधाई देने पहुंचे। इसके अलावा फिल्म निर्देशक एटली, लोकेश कनगराज, नेल्सन दिलीपकुमार और कार्तिक सुब्बाराज भी समारोह में शामिल हुए। उदयनिधि स्टालिन और अभिनेत्री सिमरन ने भी इस खास मौके पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।