प्रतापगढ़. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में आयोजित रामकथा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. इस वीडियो में कुंडा विधायक राजा भैया और भोजपुरी अभिनेता व गायक पवन सिंह एक ही मंच पर नजर आ रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान अचानक राजा भैया कुछ ऐसा करते हैं कि मंच पर मौजूद लोग भी हैरान रह जाते हैं. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और यूजर्स इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं देने लगे.
पवन सिंह को माइक देते ही राजा भैया को आई याद
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पवन सिंह मंच पर मौजूद हैं और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद ले रहे हैं. इसी दौरान राजा भैया उन्हें माइक थमाते हुए कुछ बोलने के लिए कहते हैं. पवन सिंह जैसे ही संबोधन शुरू करने वाले होते हैं, राजा भैया को अचानक एक बात याद आ जाती है. इसके बाद वह अपनी गलती का एहसास करते हुए पवन सिंह के हाथ से माइक वापस ले लेते हैं. राजा भैया मंच से बताते हैं कि कार्यक्रम में मौजूद धनंजय सिंह और प्रिंसु का परिचय नहीं कराया जा सका. इसके लिए उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि नाम छूट जाना लिखने वाले की गलती थी, लेकिन इसमें उनकी अपनी चूक भी रही. इसलिए वह इसकी जिम्मेदारी लेते हैं.
धनंजय सिंह और प्रिंसु का नाम छूटने पर मांगी माफी
दरअसल, रामकथा के आयोजन में धनंजय सिंह और प्रिंसु भी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान अतिथियों के परिचय में दोनों का नाम शामिल नहीं हो पाया था. राजा भैया ने मंच से इस चूक को स्वीकार करते हुए खेद जताया. उनका यह अंदाज कैमरे में कैद हो गया. इसके बाद पवन सिंह दोबारा माइक संभालते हैं और अपनी संगीत टीम से ‘ए स्केल’ लगाने के लिए कहते हैं. मंच पर हुए इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर यूजर्स ले रहे मजे
राजा भैया और पवन सिंह की इस वीडियो क्लिप पर सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ लोगों को राजा भैया का अचानक माइक वापस लेना मजेदार लग रहा है, तो कुछ यूजर्स अतिथियों के नाम छूटने की घटना पर टिप्पणी कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि अच्छा हुआ राजा भैया को समय रहते अपनी गलती याद आ गई. वहीं, दूसरे यूजर ने पवन सिंह को लेकर मजाकिया प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने इस घटनाक्रम को राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा. फिलहाल कुंडा की रामकथा से सामने आया यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा ध्यान राजा भैया के उस अंदाज ने खींचा है, जब उन्होंने पवन सिंह से माइक लेकर धनंजय सिंह और प्रिंसु का नाम छूटने पर माफी मांगी.