सोशल मीडिया पोस्ट में जताई नाराजगी
रविवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में पवन सिंह ने परिवार को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि घर-परिवार के चक्कर में पड़कर लोग वेद-शास्त्र तक भूल जाते हैं. भोजपुरिया समाज से माफी मांगते हुए उन्होंने कहा कि अब उनका अपने परिवार और खानदान से कोई संबंध नहीं रहेगा. हालांकि, पवन सिंह ने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह के प्रति अपना लगाव भी जाहिर किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि जन्म देने वाली मां और सबसे बड़े भाई के लिए उनकी जान हमेशा हाजिर रहेगी. साथ ही उन्होंने खुद को सभी लोगों के परिवार का एक छोटा सदस्य बताया. उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. प्रशंसक उनके इस फैसले के पीछे की वजह जानना चाहते हैं. हालांकि, पवन सिंह ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्हें इतना बड़ा फैसला लेना पड़ा.
पहले भी निजी जिंदगी को लेकर रहे हैं चर्चा में
पवन सिंह की निजी जिंदगी पहले भी कई बार सुर्खियों में रही है. उनकी पहली शादी साल 2014 में नीलम सिंह से हुई थी. हालांकि, शादी के कुछ महीनों बाद नीलम की मौत हो गई थी. इसके बाद पवन सिंह का नाम भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के साथ जुड़ा. बाद में उन्होंने ज्योति सिंह से शादी कर ली. हालांकि, पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्तों में भी कुछ समय बाद खटास आ गई. दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मामला तलाक तक पहुंच गया. फिलहाल दोनों का वैवाहिक विवाद अदालत में विचाराधीन है. अब परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने को लेकर पवन सिंह की इस पोस्ट ने एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. हालांकि, इस फैसले की वास्तविक वजह सामने आना अभी बाकी है.