हिंडौन सिटी में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 25 वर्षीय युवक ने जलसेन तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी। जानकारी के अनुसार, केशवपुरा पांडे का कुआं निवासी दीपक सोनी पुत्र महेश सोनी गुरुवार सुबह करीब 5 बजे से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
कुछ घंटों बाद जलसेन तालाब की सीढ़ियों पर दीपक की चप्पल और मोबाइल फोन मिला। मोबाइल की जांच में एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने आत्महत्या का कारण लिखा था। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र सिंह चौधरी मय जाप्ता मौके पर पहुंचे।
राष्ट्रीय पार्क के पीछे स्थित जलसेन तालाब में गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। आखिरकार टीम ने दीपक का शव तालाब से बरामद कर लिया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी प्रदीप डागुर के नेतृत्व में सिविल डिफेंस टीम को भी मौके पर भेजा गया। टीम ने रेस्क्यू कार्य पूर्ण कर शव को पुलिस के सुपुर्द किया। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय हिंडौन हॉस्पिटल भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।