लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दो दिवसीय यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित करते हुए 2017 से पहले की उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। बिना किसी पार्टी का नाम लिए उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रदेश की कानून-व्यवस्था बेहद खराब थी और कई जिलों में माफिया का प्रभाव इतना बढ़ गया था कि उनकी समानांतर व्यवस्था चलती थी। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हत्या, फिरौती, जमीन पर कब्जे, गुंडा टैक्स और अपहरण जैसी गतिविधियां बढ़ गई थीं। उनका आरोप था कि अपराधी बेखौफ होकर अपना नेटवर्क चला रहे थे और तत्कालीन सरकार उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही थी।
‘तब न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय प्रदेश में आम नागरिकों, महिलाओं और कारोबारियों के बीच असुरक्षा का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से उत्तर प्रदेश में कारोबार की उम्मीद लेकर आने वाले निवेशकों को भी वसूली और अपराध का सामना करना पड़ता था। योगी ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की छवि इतनी खराब हो गई थी कि दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों के साथ भी इसका असर देखने को मिलता था। उन्होंने दावा किया कि यूपी का नाम सुनकर लोग किराये पर मकान या होटल में कमरा देने से भी हिचकते थे।
उन्होंने दंगों और कानून-व्यवस्था को लेकर भी तत्कालीन व्यवस्था पर निशाना साधा। सीएम ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान तनाव की स्थिति बन जाती थी और कई इलाकों में लंबे समय तक कर्फ्यू जैसे हालात रहते थे। उनके मुताबिक, इसका सीधा असर स्कूल-कॉलेज, बाजार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ता था।
‘2017 के बाद बदला यूपी का माहौल’
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को लेकर देश में एक नकारात्मक धारणा बन गई थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय विकास का फायदा व्यापक स्तर पर लोगों तक नहीं पहुंच रहा था और उद्योगों के लिए भी अनुकूल माहौल नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। उनके मुताबिक, अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है और अपराध, अपराधी तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कर्फ्यू, दंगा और अराजकता जैसे हालात नहीं हैं और उत्तर प्रदेश निवेश तथा उद्योग के लिए बेहतर माहौल की ओर आगे बढ़ रहा है।