गाजियाबाद : लोनी थाना क्षेत्र में रविवार को डंपिंग ग्राउंड से एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य एकत्रित किए।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 20 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
प्रथम दृष्टया पुलिस को हत्या की आशंका है, हालांकि अधिकारी हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।