रुड़की महानगर में कांग्रेस हाईकमान ने एक बार फिर एडवोकेट राजेंद्र सिंह चौधरी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
राजेंद्र सिंह चौधरी ने पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान और समर्पण, दोनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया, जिसके परिणामस्वरूप आज उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने हाईकमान का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें फिर से यह दायित्व दिया है, उसे वे पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाएंगे। रुड़की शहर में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से स्वागत किया और बधाई दी। चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को उठाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाने के लिए वे लगातार काम करते रहेंगे।