ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन रिक्रिएट करने के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है।
तालाब के पास मिली थी बच्ची की लाश
मामला इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दोनी गांव का है। शुक्रवार दोपहर बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया और कई टीमों को लगाया गया। शनिवार सुबह बच्ची का शव गांव के पास एक तालाब के नजदीक बरामद हुआ। बच्ची का परिवार इलाके में मिठाई की दुकान चलाता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल पैनल गठित किया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
CCTV से संदिग्ध तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर एक 40 वर्षीय व्यक्ति को मुख्य संदिग्ध के तौर पर चिन्हित किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची के चाचा के घर पर किराएदार था। मामले में एक अन्य व्यक्ति और परिवार के एक सदस्य की भूमिका की भी जांच की जा रही है। शनिवार दोपहर पुलिस ने मुख्य संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर उस हथियार के बारे में जानकारी दी, जिसे उसने पुलिस चौकी के पास झाड़ियों में छिपाने की बात कही थी।
झाड़ियों में छिपाई पिस्तौल, पुलिस पर चलाई गोली
पुलिस का कहना है कि आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए बताए गए स्थान पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और झाड़ियों से पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक कॉन्स्टेबल घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस और आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी है।
POCSO और BNS के तहत केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ CCTV फुटेज भी वायरल हो रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति बच्ची का पीछा करता और बाद में बोरी लेकर लौटता दिखाई दे रहा है।