पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है। वोटों की गिनती जारी है, लेकिन शुरुआती रुझानों में जदयू-भाजपा सहित एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। राज्य की 243 सीटों के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। इस बीच खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
भाजपा–जदयू कार्यालयों में जश्न का माहौल
रुझानों में एनडीए को बड़ी बढ़त मिलते ही भाजपा और जदयू कार्यालयों में जश्न शुरू हो गया है। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते नजर आए, वहीं मिठाइयाँ बांटी जा रही हैं और पटाखे फोड़े जा रहे हैं।
ताजा आंकड़ों के अनुसार राज्य में चुनावी तस्वीर अब काफी हद तक स्पष्ट हो चुकी है। दोपहर 2 बजे तक-
एनडीए – 202 सीटों पर आगे
महागठबंधन – 35 सीटों पर आगे
अन्य – 6 सीटों पर आगे
इन रुझानों से साफ है कि एनडीए सरकार गठन की स्थिति में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
एनडीए नेताओं की प्रतिक्रियाएँ
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने रुझानों को अपेक्षित बताया। उन्होंने कहा- “हमने पहले ही कहा था कि राजग प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा। नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे। हम 160 सीटों से कम पर नहीं रुकेंगे।”
वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा- “एक तरफ लालू यादव, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव हैं, जो जेल-बेल, भ्रष्टाचार और जंगलराज के प्रतीक हैं। बिहार की जनता ने अमन-चैन और शांति के लिए वोट किया है।”
—