नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जॉर्डन की आधिकारिक यात्रा के दौरान एक खास और यादगार डिप्लोमैटिक पल देखने को मिला। जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय ने स्वयं गाड़ी चलाकर भारतीय प्रधानमंत्री को जॉर्डन म्यूजियम तक पहुंचाया। उनका यह विशेष जेस्चर भारत और जॉर्डन के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक बन गया।
जॉर्डन के सिंहासन के उत्तराधिकारी क्राउन प्रिंस ने प्रधानमंत्री मोदी की रूटीन यात्रा को एक यादगार और व्यक्तिगत डिप्लोमैटिक अनुभव में बदल दिया। अम्मान के प्रमुख लैंडमार्क्स से गुजरते हुए जॉर्डन म्यूजियम तक की इस ड्राइव के दौरान दोनों नेताओं को खुलकर बातचीत करने का अवसर मिला, जिससे आपसी विश्वास और निजी जुड़ाव और गहरा हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस खास पल की झलक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “हिज रॉयल हाइनेस क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय के साथ द जॉर्डन म्यूजियम जाते हुए।”
अपनी जॉर्डन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत–जॉर्डन बिजनेस फोरम को भी संबोधित किया। इस अवसर पर जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय और क्राउन प्रिंस अल हुसैन की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जॉर्डन के बीच व्यापार, व्यवसाय और निवेश के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करने की अपार संभावनाएं हैं।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “मैंने इंडिया–जॉर्डन बिजनेस फोरम को संबोधित किया। महामहिम किंग अब्दुल्ला द्वितीय और उनके रॉयल हाइनेस क्राउन प्रिंस अल-हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को विशेष बना दिया। मैंने उन क्षेत्रों पर जोर दिया जहां भारत और जॉर्डन अपने व्यापार और निवेश संबंधों को नई मजबूती दे सकते हैं।”