टोरंटो। कनाडा के टोरंटो शहर में हुई गोलीबारी की एक घटना में 20 वर्षीय भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की मौत हो गई। यह घटना टोरंटो विश्वविद्यालय के स्कारबोरो परिसर के पास हुई, जिसके बाद विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के बीच डर और आक्रोश का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शिवांक अवस्थी भारत से कनाडा गए थे और वहां पीएचडी की पढ़ाई कर रहे थे। इस घटना पर टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि स्कारबोरो परिसर के पास हुई इस घातक गोलीबारी में एक युवा भारतीय छात्र की मौत अत्यंत दुखद है। दूतावास ने बताया कि वह इस कठिन समय में शिवांक के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर को हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड क्षेत्र में शिवांक को गोली मारी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शिवांक गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवांक की तस्वीर जारी कर आम लोगों से घटना से जुड़ी जानकारी साझा करने की अपील की गई है। अभी तक हमले के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद एहतियातन विश्वविद्यालय परिसर को कुछ समय के लिए सील कर दिया गया और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल ही में टोरंटो में भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या का मामला भी सामने आया था। हिमांशी का शव एक घर में मिला था और पुलिस उसके पार्टनर की तलाश कर रही है। इन लगातार घटनाओं से कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय में चिंता और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि यह टोरंटो में इस वर्ष की 41वीं हत्या है, जिसने स्कारबोरो परिसर के छात्रों के बीच सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है।